खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और नई सिविल जज बताकर युवती से 1.88 लाख की ठगी, रायपुर में FIR

खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और नई सिविल जज बताकर युवती से 1.88 लाख की ठगी, रायपुर में FIR खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और नई सिविल जज बताकर युवती से 1.88 लाख की ठगी, रायपुर में FIR (सांकेतिक तस्वीर)

रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में एक युवती पर आरोप है कि उसने खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और राजस्थान कैडर में चुनी गई सिविल जज बताया। फिर उसने अपनी बचपन की सहेली से ठगी की। आरोप है कि भाई के खिलाफ चल रहा पारिवारिक मामला खत्म कराने के नाम पर उसने 1 लाख 88 हजार रुपये ले लिए। पीड़िता की लिखित शिकायत पर खमतराई पुलिस ने आरोपी पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बचपन की सहेली पर किया भरोसा

खमतराई निवासी आरज़ू शर्मा (24) प्राइवेट शिक्षिका हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी पूजा सिंह और वह पहली से पांचवीं कक्षा तक एक ही स्कूल में साथ पढ़ी थीं। बाद में दोनों इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में रहीं। अप्रैल 2025 में पूजा ने सोशल मीडिया पर काले कोट और बैंड वाली वकील की वेशभूषा में तस्वीरें डालीं। उसने खुद को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट में वकालत करने वाली अधिवक्ता बताया। शिकायतकर्ता के मुताबिक वह अक्सर पूजा को रायपुर कोर्ट में वकीलों और क्लाइंट्स के साथ वकील की पोशाक में देखती थीं।

भाई के पारिवारिक विवाद में मदद का झांसा

शिकायत के अनुसार आरज़ू के भाई आदित्य शर्मा की शादी 3 फरवरी 2026 को मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ की प्राची शर्मा से हुई थी। कुछ समय बाद प्राची ने आदित्य, आरज़ू और उनकी मां के खिलाफ क्रूरता और उत्पीड़न की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इससे परेशान होकर आरज़ू ने कानूनी सलाह के लिए पूजा से बात की। आरोप है कि पूजा ने भरोसा दिलाया कि वह छत्तीसगढ़ के बड़े पुलिस अधिकारियों और अपने साथी मजिस्ट्रेटों से संपर्क कर मामला आसानी से सुलझा देगी।

“जज बन गई हूं, खुद केस नहीं लड़ सकती”

सितंबर के पहले सप्ताह में पूजा ने फोन कर कहा कि वह दिल्ली से फ्लाइट से रायपुर आ रही है। इसके लिए 13 सितंबर को आरज़ू ने उसे यात्रा खर्च के 5 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे। रायपुर पहुंचकर पूजा ने बताया कि उसका चयन राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर हुआ है और वह अभी ट्रेनिंग पर है। इसलिए नियमों के मुताबिक वह खुद केस नहीं लड़ सकती। उसने कहा कि यह काम सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ अधिवक्ता से करवा देगी। 14 सितंबर को पहाड़ी चौक, गुढ़ियारी के पास उसने शिकायतकर्ता को अमानत उल्ला खान नाम के एक वकील से मिलवाया।

पुलिस अधिकारी के नाम पर 2 लाख की मांग

शिकायत के मुताबिक 16 सितंबर को पूजा ने दावा किया कि मोहला-मानपुर चौकी के एक पुलिस अधिकारी से बात हो गई है। उसके अनुसार अधिकारी केस खत्म कर एनसीआर/फाना रिपोर्ट दर्ज करने और परिवार पर एफआईआर न होने देने के लिए तैयार है, पर इसके बदले 2 लाख रुपये मांग रहा है। पूजा ने अपनी और वकील की फीस के तौर पर 50 हजार रुपये अलग से मांगे। उसके कहने पर आरज़ू ने वकील के गूगल पे पर 15 हजार और पूजा के गूगल पे पर 5 हजार रुपये भेजे। पुलिस अधिकारी का बैंक खाता मांगने पर पूजा ने कहा कि अधिकारी नकद ही लेंगे। उसी दिन शिकायतकर्ता ने किसी तरह 1.5 लाख रुपये जुटाकर पूजा के घर जाकर नकद दे दिए। आरोप है कि उस वक्त वहां मौजूद पूजा के भाई, मां और चाचा ने भी भरोसा दिलाया कि उनकी बहन जज बन गई है और काम जरूर हो जाएगा।

चौकी के बाहर QR कोड से लिए 18 हजार

16 सितंबर की रात करीब 10 बजे पूजा, आरज़ू और उनका भाई मोहला-मानपुर चौकी पहुंचे। पूजा यह कहकर अंदर गई कि वह पुलिस अधिकारी से बात करेगी। कुछ देर बाद उसने एक QR कोड भेजा और कहा कि प्राची शर्मा और उसके परिचितों की कॉल डिटेल (CDR) निकलवाने के लिए तुरंत 18 हजार रुपये भेजने होंगे। आरज़ू ने यह रकम भी ट्रांसफर कर दी। बाहर आकर पूजा ने कहा कि काम हो गया है और सीडीआर मिलते ही केस धारा 155 सीआरपीसी के तहत खत्म हो जाएगा।

ऐसे खुली पोल

शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ दिन बाद पूजा को अच्छी तरह जानने वाली एक सहेली ने बताया कि पूजा ने कानून की पढ़ाई ही पूरी नहीं की है। इसके बाद आरज़ू ने वकील अमानत उल्ला खान से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि पूजा उनसे पैसे वापस ले चुकी है और उनके पास सिर्फ 5 हजार रुपये बचे हैं। बाद में उन्होंने बताया कि पूजा शायद कहीं की स्टूडेंट है और उन्होंने उसकी आईडी या सर्टिफिकेट कभी नहीं देखे। इस बीच पूजा ने हिंदू विवाह अधिनियम के तहत फैमिली कोर्ट में याचिका लगाने के नाम पर 50 हजार रुपये और मांगे। शक होने पर आरज़ू और उनके भाई ने कागजों पर दस्तखत करने से इनकार कर दिया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जिस दिन पैसे दिए गए, उसी दिन पूजा नया आईफोन खरीदकर लाई थी और उसे दिखाया भी था।

पैसे लौटाने के बजाय दी धमकी

आरज़ू का आरोप है कि 3 अक्टूबर को वह पैसे मांगने पूजा के घर गईं। वहां पूजा ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि वह सुप्रीम कोर्ट की वकील और जज होने के प्रभाव से उनके खिलाफ ही झूठी एफआईआर दर्ज करा देगी। इसके बाद आरज़ू ने 4 अक्टूबर को खमतराई थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी।