Raipur Latest News, रायपुर, 14 नवंबर। राजधानी के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में छह साल पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बुलेट में आग लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इस बात से नाराज था कि साल 2020 में युवक ने उसके पिता को जेल भिजवाया था। इसी का बदला लेने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, त्रिमूर्ति नगर निवासी हिमेश सोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 13 नवंबर की देर रात करीब 12:30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने त्रिमूर्ति नगर में नानूक दीप के घर के सामने खड़ी उनकी बुलेट 350 मोटरसाइकिल में आग लगा दी और मौके से भाग गया। जली हुई मोटरसाइकिल की कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। थाना देवेंद्र नगर में धारा 326(F) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना देवेंद्र नगर की पुलिस टीम ने युवक और संदिग्धों से पूछताछ की और आरोपी की लगातार तलाश की। इसी दौरान पुलिस ने त्रिमूर्ति नगर निवासी सुशील सोनी को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
पुरानी रंजिश बनी वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि साल 2020 में युवक हिमेश सोनी ने उसके पिता को जेल भिजवाया था। तभी से वह उनसे रंजिश रखता था और इसी के चलते उसने उनकी मोटरसाइकिल में आग लगा दी। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
