‘तुम मुझे नहीं पहचानते क्या?’ रायपुर में गार्ड से भिड़ा Blinkit डिलीवरी बॉय, साथियों को बुलाकर धमकाने का आरोप

'तुम मुझे नहीं पहचानते क्या?' रायपुर में गार्ड से भिड़ा Blinkit डिलीवरी बॉय, साथियों को बुलाकर धमकाने का आरोप

Raipur NEWS रायपुर। राजधानी रायपुर (Raipur Blinkit Delivery Boy Security Guard Dispute) में सोसायटी के भीतर प्रवेश करने से पहले रजिस्टर में नाम दर्ज कराने की बात पर ब्लिंकिट (Blinkit) कंपनी के डिलीवरी बॉय और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि डिलीवरी बॉय ने अपने साथियों को बुलाकर गार्ड और सुपरवाइजर के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। घटना 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के महादेवघाट स्थित एक रिहायशी सोसायटी के मुख्य गेट पर हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

रजिस्टर में नाम दर्ज कराने की बात पर बढ़ा विवाद

एफआईआर के अनुसार, आमापारा के बजरंग नगर निवासी रमेश बिसी महादेवघाट स्थित गोकुलधाम रेसिडेंसी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। घटना की रात वे सोसायटी के मुख्य गेट पर ड्यूटी कर रहे थे। उनके साथ सुपरवाइजर अजय कुमार देवदास भी मौजूद थे।

शिकायतकर्ता रमेश बिसी ने पुलिस को बताया कि रात करीब 8 बजे ब्लिंकिट कंपनी का एक डिलीवरी बॉय मोटरसाइकिल से सामान पहुंचाने के लिए सोसायटी पहुंचा। गार्ड ने उसे मोटरसाइकिल गेट के किनारे खड़ी करने और प्रवेश रजिस्टर में नाम दर्ज करने के बाद अंदर जाने के लिए कहा। इसी बात पर डिलीवरी बॉय नाराज हो गया और गार्ड से बहस करने लगा। 

‘तुम मुझे नहीं पहचानते हो क्या?’ कहकर विवाद करने का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक, डिलीवरी बॉय ने कहा, “मैं अधिकतर सोसायटी में डिलेवरी देने के लिए आता हूं तुम मुझे नहीं पहचानते हो क्या”। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि डिलीवरी बॉय ने गार्ड की बात मानने के बजाय उसके साथ बहस जारी रखी।

फोन कर साथियों को बुलाया, गाली-गलौज और धमकी का आरोप

एफआईआर के मुताबिक, शुरुआती विवाद के कुछ देर बाद डिलीवरी बॉय ने मोबाइल फोन से अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि साथियों के पहुंचने के बाद विवाद और बढ़ गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सभी ने मिलकर गार्ड रमेश बिसी और सुपरवाइजर अजय कुमार देवदास के साथ गाली-गलौज की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों के साथ धक्का-मुक्की भी की।

तीन नामजद सहित अन्य पर एफआईआर

सिक्योरिटी गार्ड रमेश बिसी ने घटना के बाद दीनदयाल नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान सोसायटी के अन्य लोग भी मौके पर मौजूद थे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने ब्लिंकिट कंपनी से जुड़े बताए गए राकेश चंद्रवंशी, पीयूष ओझा, राशिधर द्विवेदी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बीएनएस की चार धाराओं के तहत अपराध दर्ज

दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने  आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।