रथ मेला में महिला के गले से उड़ाई सोने की चेन, दो महिला गिरफ्तार, ड्रोन कैमरे की फुटेज से मिला सुराग

जशपुर: जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र में रथ मेला के दौरान महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान ड्रोन कैमरे से मिले वीडियो फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर की गई। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

कस्तूरा रथ मेला में हुई थी सोने की चेन चोरी
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 को ग्राम कस्तूरा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेला देखने के लिए महिला सरमा देवी अपने परिवार के साथ पहुंची थीं। इस दौरान भीड़ अधिक होने का फायदा उठाकर किसी ने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली।
महिला ने घटना की शिकायत थाना दुलदुला में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 46/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

ड्रोन कैमरा फुटेज से पुलिस को मिला अहम सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना वाले दिन मेला स्थल पर ड्रोन कैमरे से वीडियो और फोटो रिकॉर्ड किए गए थे।

पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरा संचालक से संपर्क कर घटना के समय के वीडियो फुटेज हासिल किए। इसके बाद फुटेज की बारीकी से जांच की गई। वीडियो में महिला के आसपास संदिग्ध रूप से मौजूद कुछ महिलाओं की पहचान की गई। पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं की तस्वीरें अलग-अलग माध्यमों से साझा कर उनकी पहचान और तलाश शुरू की।

दो संदिग्ध महिलाओं को पुलिस ने पकड़ा
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ड्रोन फुटेज में दिखाई दे रही संदिग्ध महिलाएं सोनिया बाई और अनिता बाई हैं, जो ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा क्षेत्र की रहने वाली हैं।

इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान
सोनिया बाई और अनिता बाई निवासी ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।

चोरी की गई सोने की चेन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 17-18 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद कर जब्त कर ली है। बरामद चेन की अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

एक अन्य आरोपी महिला की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस घटना में शामिल एक अन्य महिला आरोपी की पहचान कर ली गई है, जो घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश लगातार जारी है और पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।