धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी (dhamtari mujagahan hatyakand) जिले के ग्राम मुजगहन में युवक की हत्या के मामले में अर्जुनी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश को लेकर चाकू और लकड़ी के डंडों से हमला किया गया था। इस घटना में दीपांशु साहू की मौत हो गई, जबकि विकास साहू घायल है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे ग्राम मुजगहन के मेन रोड पर सुदामा साहू के घर के सामने हुई। यहां पुरानी रंजिश को लेकर दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ विवाद हुआ। इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, लकड़ी के डंडों और धारदार चाकू से हमला कर दिया।
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया। विकास साहू का इलाज जारी है।
चार आरोपी गिरफ्तार, डंडे जब्त
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडे और अन्य सामान जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फनेश्वर नेताम (18), रितेश नेताम (22), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20) और नोहर यादव उर्फ काला (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी रत्नाबांधा, धमतरी के निवासी हैं।
पुलिस ने थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 115(2), 118(1), 351(3), 190, 191(1), 191(2) और 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
