बच्चों के साथ दोना-पत्तल में खाया खाना, महिला कलेक्टर का अनूठा अंदाज

बच्चों के साथ दोना-पत्तल में खाया खाना, महिला कलेक्टर का अनूठा अंदाज

Collector Roktima Yadav: छत्तीसगढ़ के कोरिया (Korea) जिले के सोनहत विकासखंड के दूरस्थ गांवों के दौरे पर पहुंचीं कलेक्टर रोक्तिमा यादव (Collector Roktima Yadav) ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके सीखने के स्तर की जानकारी ली। धनपुर में कक्षा छठवीं की छात्रा पिंकी ने 30 का पहाड़ा सुनाया, वहीं गोयनी में कलेक्टर ने स्कूली बच्चों के साथ दोना-पत्तल में बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी याद दिलाई और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा है और उनके अपने सपने हैं। सही मार्गदर्शन मिलने पर वे अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकते हैं।

दौरे के दौरान गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व की संचालक श्वेता कम्बोज, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेंद्र श्रीवास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

बच्चों से सवाल-जवाब, शिक्षकों को दिए निर्देश

धनपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में कलेक्टर ने प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों से बातचीत की और उनके सीखने के स्तर को जाना। सवाल-जवाब के दौरान छठवीं की छात्रा पिंकी ने 30 का पहाड़ा सुनाया। कलेक्टर ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें खुलकर अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे केवल नौकरी नहीं कर रहे हैं, बल्कि देश के बेहतर भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। बच्चों को गंभीरता से पढ़ाएं, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करें और उनके सपनों को पूरा करने में सहयोग दें।

कुछ बच्चों के गणवेश फटे देखकर कलेक्टर ने शिक्षकों से जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार रखने और हर शनिवार सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल-जवाब कराने को कहा, ताकि विद्यार्थियों का ज्ञान और आत्मविश्वास बढ़े तथा उनका संकोच दूर हो।

मध्यान्ह भोजन में लापरवाही की शिकायत, जांच के निर्देश

ग्राम आनंदपुर में ग्रामीणों ने स्कूल के मध्यान्ह भोजन संचालन में स्वसहायता समूह की ओर से लापरवाही बरते जाने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को जांच करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित स्वसहायता समूह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

स्वास्थ्य केंद्र में पानी की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

आनंदपुर के उप स्वास्थ्य केंद्र में कलेक्टर ने उपचार सहित उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और खंड चिकित्सा अधिकारी को संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केंद्र में पानी की समस्या सामने आने पर उन्होंने क्रेडा के अधिकारी को मौके पर बुलाया। साथ ही सोलर व्यवस्था सुनिश्चित करने और नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने गांव की उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न के भंडारण और वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने संचालक को चावल, शक्कर सहित निर्धारित सामग्री का समय पर वितरण सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

प्रमाण पत्र और महतारी वंदन की राशि से जुड़ी समस्याएं

गोयनी में कलेक्टर ने ग्रामीणों से विभिन्न विषयों पर बातचीत की। ग्रामीणों ने जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र बनवाने में आने वाली परेशानियों की जानकारी दी। कुछ महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि नहीं मिलने की समस्या भी बताई।

राजस्व और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने इन समस्याओं को संज्ञान में लिया। उन्होंने संबंधित ग्रामीणों और महिलाओं को जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा ई-केवाईसी कराने की सलाह दी।

कलेक्टर ने ग्रामीणों को बताया कि नवंबर माह के अंतिम सप्ताह या दिसंबर माह के पहले सप्ताह में गांव में विशेष शिविर लगाया जाएगा। इसमें ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने किसानों से एग्रीस्टैक पंजीयन कराने को कहा, ताकि धान बेचने में परेशानी न हो। साथ ही जिन हितग्राहियों के प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो चुके हैं, उन्हें जल्द आवास निर्माण पूरा करने के लिए कहा।

बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील

कलेक्टर ने ग्रामीणों और पंच-सरपंचों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की वास्तविक स्थिति और वहां की व्यवस्थाओं पर गंभीरता से नजर रखने को भी कहा।

ग्राम पंचायत सचिव और पटवारी को निर्देश देते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ नियमानुसार कार्य करें।