CG NEWS: सरकारी जमीन को निजी बताकर बेच डाला! फर्जीवाड़े का आरोपी गिरफ्तार

CG NEWS: सरकारी जमीन को निजी बताकर बेच डाला! फर्जीवाड़े का आरोपी गिरफ्तार अंबिकापुर में शासकीय भूमि को निजी जमीन बताकर बिक्री करने के मामले में कमलेश्वरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शासकीय भूमि को निजी जमीन बताकर बिक्री करने के मामले में कमलेश्वरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

अंबिकापुर। शासकीय जमीन को निजी भूमि बताकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए बिक्री करने के मामले में कमलेश्वरपुर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुलेश्वर गुप्ता निवासी ग्राम अलोला, थाना कापू, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

1954-55 के भूमि रिकॉर्ड में मिली फर्जी एंट्री
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी उमेश्वर सिंह ने थाना कमलेश्वरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में खसरा नंबर 1378 की एंट्री के बाद उसमें कूटरचना की गई है।

जांच में सामने आया कि खसरा नंबर 1378 बंदोबस्त वर्ष 1995-96 के रिकॉर्ड में भी शासकीय भूमि के रूप में दर्ज है। यह जमीन छोटे झाड़ के जंगल मद में दर्ज थी। वहीं, वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में इसी जमीन को निजी भूमि बताने वाली फर्जी एंट्री तैयार की गई थी।

इस मामले में तुलेश्वर गुप्ता और अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 82/26 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 34 भारतीय दंड विधान के तहत FIR दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ अपराध करना स्वीकार किया
विवेचना के दौरान पुलिस को तुलेश्वर गुप्ता की संलिप्तता के सबूत मिले। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश कर उसे पकड़ा और पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपना नाम तुलेश्वर गुप्ता, पिता गणेश गुप्ता, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम अलोला, थाना कापू, जिला रायगढ़ बताया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध के सबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की जांच की जा रही है।