रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने मां-बेटे को अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आदर्श नगर उरकुरा निवासी गौरा सिंह शुक्रवार 13 नवंबर की रात अपने घर के सामने दुहारी में बैठी थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक वहां पहुंचा और बिना कोई चेतावनी दिए उनके ठीक सामने पटाखा फोड़ दिया। महिला ने इस पर आपत्ति जताई और उसे ऐसा करने से मना किया।
मां और पड़ोसियों को साथ लेकर लौटा युवक
शिकायत के मुताबिक, मना करने से नाराज युवक अपने घर गया और कुछ ही देर में अपनी मां और पड़ोसी को साथ लेकर लौट आया। चारों ने महिला और उनके बेटे को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की।
मोहल्ले वालों ने किया बीच-बचाव
घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़िता उसी रात खमतराई थाने पहुंचीं और घटना की शिकायत दर्ज कराई।
इन धाराओं में मामला दर्ज
खमतराई पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
