Raipur Latest News, रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में तंबाकू मांगने जैसी छोटी बात पर एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले युवक को गालियां दी गईं, फिर पत्थर से जान से मारने की धमकी देकर उसकी पिटाई की गई। बेटे को पिटता देख मां बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उनसे भी गाली-गलौज की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आग ताप रहा था युवक, तभी हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक देवपुरी के सतनाम चौक में रहने वाले ऋषभ मारकंडे पेंटिंग का काम करते हैं। गुरुवार 12 नवंबर की रात करीब 9 बजे वे घर के पास अपने दोस्त चिंटू कुर्रे के साथ आग ताप रहे थे। उसी समय पास में बंशी गायकवाड़ तंबाकू बना रहा था। ऋषभ ने उससे तंबाकू मांगी तो आरोप है कि बंशी उन्हें मां-बहन की गंदी गालियां देने लगा।
पत्थर उठाकर दी जान से मारने की धमकी
शिकायत के अनुसार ऋषभ ने गाली देने से मना किया तो बंशी ने पत्थर उठा लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसका भाई संतलाल गायकवाड़, बाबा गायकवाड़ और उनका एक और भाई भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर ऋषभ को हाथ-मुक्कों से पीटा।
मां से भी की गाली-गलौज
मारपीट होती देख ऋषभ की मां बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोपियों ने उनसे भी गाली-गलौज की। हमले में ऋषभ के सिर, चेहरे पर आंख के पास, कमर, गर्दन और जांघ में चोटें आई हैं और खून निकला है। पीड़ित के मुताबिक उनके दोस्त और मामा ने पूरी घटना देखी है।
इन धाराओं में केस दर्ज
पीड़ित की शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने उसी रात FIR दर्ज की। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की ये धाराएं लगाई गई हैं:
धारा 115(2)
धारा 296
धारा 351(2)
धारा 3(5)
टिकरापारा पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
