Raipur e-challan: अब एक QR कोड से खुलेगी आपके वाहन के चालान की पूरी कुंडली, रायपुर पुलिस की नई पहल!

फर्जी ई-चालान मैसेज से रहें सावधान! रायपुर पुलिस ने शुरू किया खास QR कोड अभियान रायपुर पुलिस की नई पहल: फर्जी चालान मैसेज से बचाएगा QR कोड, घर बैठे कर सकेंगे भुगतान

रायपुर यातायात पुलिस ने ‘Know Your Vehicle’ QR कोड अभियान शुरू किया है। अब QR कोड स्कैन कर वाहन के पेंडिंग ई-चालान देख सकेंगे और परिवहन विभाग के अधिकृत पोर्टल से पेमेंट कर सकेंगे।

Raipur Police Latest News, रायपुर। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों को फर्जी ई-चालान मैसेज और ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत ‘Know Your Vehicle – अपने वाहन को जानें’ QR कोड अभियान का शुभारंभ किया गया। अब नागरिक QR कोड स्कैन करके अपने वाहन के पेंडिंग चालानों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और परिवहन विभाग के अधिकृत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे।

इस अभियान का शुभारंभ ‘विमतारा’ में आयोजित समारोह के दौरान पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में QR कोड के पोस्टर और डिजिटल माध्यमों का विमोचन किया गया।

फर्जी ई-चालान मैसेज से बचाने की पहल
यातायात पुलिस के अनुसार, डिजिटल माध्यम से वाहनों के ई-चालान की जानकारी मोबाइल पर भेजी जाती है। कई बार फर्जी लिंक और भ्रामक मैसेज के जरिए लोग साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं। वहीं, कई वाहन मालिकों को यह भी पता नहीं होता कि उनके वाहन पर कितने चालान लंबित हैं।

इसी समस्या को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने यह QR कोड व्यवस्था शुरू की है। यह QR कोड सीधे परिवहन विभाग के अधिकृत पोर्टल echallan.parivahan.gov.in से जुड़ा रहेगा। इससे नागरिक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने वाहन के चालान की जानकारी देख सकेंगे।

इन जगहों पर लगाए जाएंगे QR कोड
नागरिकों की सुविधा और जागरूकता के लिए यह QR कोड शहर के प्रमुख सार्वजनिक और व्यावसायिक स्थानों पर लगाए जाएंगे। इनमें शामिल हैं:

  • शहर के सभी पेट्रोल पंप
  • PUC जांच केंद्र
  • अधिकृत ऑटोमोबाइल और वाहन शोरूम
  • प्रमुख बैंक शाखाएं और वित्तीय संस्थान
  • रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सभी थाने
  • सभी ट्रैफिक थाने और कार्यालय
  • रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पेज

    6 आसान चरणों में देखें और भरें ई-चालान
    यातायात पुलिस ने ई-चालान की जांच और भुगतान के लिए छह चरण बताए हैं:
  1. QR कोड स्कैन करें: स्मार्टफोन के कैमरे से ‘Know Your Vehicle’ QR कोड स्कैन करें।
  2. जानकारी भरें: परिवहन विभाग की वेबसाइट पर ‘Pay Challan’ विकल्प चुनें। इसके बाद वाहन नंबर या चालान नंबर और कैप्चा दर्ज करें।
  3. लंबित चालान देखें: स्क्रीन पर वाहन के पेंडिंग चालानों की सूची दिखाई देगी।
  4. चालान चुनें: जिस चालान का भुगतान करना है, उसे चुनकर ‘Pay Now’ पर क्लिक करें।
  5. ऑनलाइन भुगतान करें: डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI के माध्यम से भुगतान पूरा करें।
  6. रसीद डाउनलोड करें: भुगतान सफल होने के बाद ई-रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रखें।
    पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भुगतान के तुरंत बाद वाहन से संबंधित रुकी हुई सेवाएं स्वतः एक्टिव हो जाएंगी।

    रायपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से की अपील
    यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। ई-चालान की जांच और भुगतान के लिए अधिकृत QR कोड या परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।

पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील भी की है।

आधिकारिक वेबसाइट: echallan.parivahan.gov.in
यातायात हेल्पलाइन नंबर: 9479210632