Raipur Crime: बिरयानी खाई, पैसे मांगे तो दोस्तों को बुलाकर होटल संचालक को पीटा, रायपुर की घटना

Raipur Biryani Dispute: आमानाका के महोबा बाजार में बिरयानी के पैसे मांगने पर फूड सेंटर संचालक से मारपीट, FIR दर्ज रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में बिरयानी के पैसे मांगने पर ग्राहक ने दोस्तों के साथ मिलकर होटल संचालक से मारपीट की (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Raipur Latest Crime News, रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में बिरयानी के पैसे मांगना एक होटल संचालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि खाना खाने के बाद ग्राहक ने पैसे देने से इनकार किया, गालियाँ दीं और जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद वह अपने दो दोस्तों के साथ लौटा और तीनों ने संचालक के साथ मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दोपहर ढाई बजे हुई घटना

पीड़ित के अनुसार, कोटा रवि भवन के पास रहने वाले रुखसर अहमद की महोबा बाजार, आमानाका में ग्लैक्सी फूड सेंटर नाम से दुकान है। रविवार, 15 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे वह दुकान पर मौजूद थे। तभी एक ग्राहक आया और उसने बिरयानी खाई।

पैसे मांगे तो दी गालियाँ और धमकी

शिकायत के मुताबिक, बिरयानी खाने के बाद संचालक ने पैसे मांगे तो ग्राहक ने कहा कि वह “अभी पैसे नहीं देगा”। तुरंत भुगतान करने को कहने पर आरोपी भड़क गया और मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगा। संचालक ने गाली देने से मना किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद आरोपी ने संचालक का मोबाइल नंबर पूछा, उस पर 120 रुपये डाले और “अभी आकर बताता हूँ” कहकर चला गया।

दो दोस्तों के साथ लौटकर की मारपीट

कुछ ही देर बाद आरोपी अपने दो साथियों के साथ दुकान पर लौटा और संचालक से हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। उसके दोनों दोस्तों ने भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। हमले में पीड़ित की नाक, गर्दन और पीठ में चोटें आई हैं।

रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारी ने घटना देखी और बीच-बचाव कर संचालक को बचाया।

इन धाराओं में केस दर्ज

पीड़ित ने उसी शाम आमानाका थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने FIR दर्ज किया। तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की इन धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है:

धारा 115(2)

धारा 296

धारा 351(2) 

धारा 3(5)

पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।