CG Patwaris Suspended News: बस्तर जिले में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। राज्य शासन के निर्देशानुसार 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस यानी सेवा में व्यवधान घोषित किया गया है। इसके साथ ही 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है। प्रान्तीय आह्वान पर पटवारी 13 अक्टूबर से हड़ताल पर हैं।
कारण बताओ नोटिस के बाद भी काम पर नहीं लौटे पटवारी
अपर कलेक्टर डीआर डाहिरे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बस्तर जिले की सभी 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें 30 प्रशिक्षु पटवारी भी शामिल हैं। जिले के 136 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जबकि 44 पटवारी वर्तमान में अपने कर्तव्यों पर कार्यरत हैं।
प्रशासन ने हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद काम पर वापस नहीं लौटने पर ब्रेक इन सर्विस और निलंबन की कार्रवाई की गई है।
जगदलपुर में 25 पटवारी हड़ताल पर, केवल एक कार्यरत
जगदलपुर तहसील में पदस्थ 26 पटवारियों में से 25 हड़ताल पर हैं। यहां केवल एक पटवारी अपने कर्तव्यों पर कार्यरत है। प्रशासन ने हड़ताली पटवारियों में से 23 की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया है और दो पटवारियों को निलंबित किया है।
बस्तर तहसील में पदस्थ सभी 16 पटवारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने सभी 16 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की है। साथ ही दो पटवारियों को निलंबित किया गया है।
भानपुरी और बकावण्ड में भी अनुशासनात्मक कार्रवाई
भानपुरी तहसील में कुल 21 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें से 14 हड़ताल पर हैं, जबकि सात पटवारी कार्यरत हैं। यहां हड़ताल पर गए सभी 14 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया गया है। दो पटवारियों पर निलंबन की कार्रवाई भी हुई है।
बकावण्ड तहसील में पदस्थ 21 पटवारियों में से 14 हड़ताल में शामिल हैं। इनमें से 13 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस और एक पटवारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
लोहण्डीगुड़ा और करपावण्ड के सभी हड़ताली पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस
लोहण्डीगुड़ा तहसील में पदस्थ 22 पटवारियों में से 11 हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने इन सभी 11 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया है। इसके साथ ही दो पटवारियों को निलंबित किया गया है।
करपावण्ड तहसील में कुल 12 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें से हड़ताल पर गए सभी 10 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है। यहां एक पटवारी को निलंबित भी किया गया है।
नानगुर, तोकापाल, बास्तानार और दरभा में भी कार्रवाई
नानगुर तहसील में पदस्थ 10 पटवारियों में से आठ हड़ताल पर हैं। इनमें से सात के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस और दो के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हुई है।
तोकापाल तहसील में कुल 18 पटवारियों में से 16 हड़ताल में शामिल हैं। यहां दो पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया गया है और दो पटवारियों को निलंबित किया गया है।
बास्तानार तहसील में पदस्थ 16 पटवारियों में से नौ हड़ताल पर हैं। इनमें से दो पर ब्रेक इन सर्विस और दो पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। दरभा तहसील में पदस्थ 18 पटवारियों में से 13 हड़ताल पर हैं। यहां एक पटवारी के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस और एक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हुई है।
