Raipur News: रायपुर में कैरम खेलते-खेलते हुआ झगड़ा, गाली देने से रोका तो युवक पर हमला

रायपुर के समता कॉलोनी में कैरम खेलने के दौरान विवाद और युवक पर धारदार वस्तु से हमले का सांकेतिक चित्र रायपुर के अर्जुन नगर में कैरम खेलते समय विवाद के बाद युवक पर हमला करने का आरोप (सांकेतिक तस्वीर)

Raipur Latest News रायपुर। राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी (Samta Colony) इलाके में कैरम (Carrom)खेलने के दौरान मामूली बात को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। अर्जुन नगर स्थित मीरा दतार के पास रविवार रात चार युवक कैरम खेल रहे थे। इसी दौरान गाली-गलौज का विरोध करने पर एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके साथी ने पहले उसे लात मारी और फिर किसी धारदार वस्तु से उसके हाथ पर हमला कर दिया। घटना में युवक के हाथ में चोट आई है।

शिकायत प्रिंस बेसरा के अनुसार, पीड़ित समता कॉलोनी के अर्जुन नगर इलाके में रहता है और पानी के जार की डिलीवरी का काम करता है। एक नवंबर की रात करीब नौ बजे वह अपनी मामी के घर के पास अपने तीन साथियों दुर्गेश सोना, ललित बेसरा और सोनू देशमुख के साथ कैरम खेल रहा था। 

पीड़ित के मुताबिक, कैरम खेलते समय सोनू देशमुख ने गोटी को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर अपशब्द कहे। हालांकि, गोटी अंदर नहीं गई। इस पर पीड़ित ने सोनू को समझाते हुए कहा कि आसपास उसके परिवार के लोग रहते हैं, इसलिए गाली-गलौज न करे। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सोनू ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि गाली देने से मना करने पर सोनू देशमुख ने उसे लात मार दी, जिससे वह खुर्सी से जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान उसने किसी धारदार वस्तु से पीड़ित के बाएं हाथ पर वार कर दिया।

पीड़ित ने बताया कि घटना के समय दुर्गेश सोना और ललित बेसरा भी मौके पर मौजूद थे। दोनों ने विवाद होते देखा और बीच-बचाव किया। शिकायतकर्ता ने इन दोनों युवकों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया है।इस घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की। आजाद चौक पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।