Raipur Latest News, रायपुर। राजधानी रायपुर के मोती नगर इलाके में किराए के पैसे मांगने को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। मजदूर ने जितेन्द्र ध्रुव और उसके बेटे अमन ध्रुव पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और हाथ-मुक्कों और लकड़ी के बत्ते से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, वह करीब तीन महीने से बकाया किराए की रकम मांगने गया था, लेकिन पैसे देने के बजाय आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। घटना में उसके चेहरे, हाथ और सिर पर चोट आई है।
शिकायत के मुताबिक, पीड़ित सूरज कुमार साहू ग्राम डुण्डा का रहने वाला है और मजदूरी करके अपना जीवनयापन करता है। उसने अपनी सेंट्रिंग लकड़ी किराए पर जितेन्द्र ध्रुव को करीब तीन महीने पहले दी थी। इसी का किराया लेने के लिए वह 31 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे अपने गांव के परिचित राजेश निषाद के साथ मोती नगर स्थित अनवर डेबर के निर्माणाधीन मकान में पहुंचा था।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने जितेन्द्र ध्रुव से किराए की रकम मांगी तो उसने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। शिकायत के अनुसार, जितेन्द्र ने कहा कि वह पैसे नहीं देगा और जो करना है कर लो। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि विवाद के दौरान जितेन्द्र ध्रुव और उसका बेटा अमन ध्रुव गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद लकड़ी के बत्ते से भी हमला किया गया। अचानक हुई मारपीट में पीड़ित के चेहरे, हाथ और सिर पर चोटें आईं।
घटना के समय पीड़ित के साथ मौजूद राजेश निषाद ने बीच-बचाव किया। शिकायत में बताया गया है कि राजेश निषाद ने विवाद शांत कराने और मारपीट रोकने का प्रयास किया। पीड़ित ने यह भी बताया कि निर्माणाधीन मकान के मालिक अनवर ढेबर (Anwar Dhebar) ने घटना को देखा सुना है।
पीड़ित ने घटना की शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उसने मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। यह पूरा मामला किराए के भुगतान को लेकर शुरू हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह केवल अपनी किराए की बकाया रकम मांगने गया था, लेकिन विवाद मारपीट तक पहुंच गया। फिलहाल शिकायत के बाद टिकरापारा पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
