Raipur News: फर्जी बाबाओं का ठगी कांड, MP से आरोपी को उठा लाई रायपुर पुलिस

रायपुर में फर्जी बाबाओं का ठगी कांड, MP से आरोपी को उठा लाई रायपुर पुलिस Photo: Raipur Police

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साधु-बाबा बनकर पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। बीमारी और घरेलू समस्याओं के समाधान का झांसा देकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ठगने के आरोप में गंज थाना पुलिस ने ग्वालियर निवासी एक आरोपी और नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं।

बीमारी और घरेलू परेशानी दूर करने का दिया झांसा
पुलिस के मुताबिक, फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, मार्च 2026 में तीन अज्ञात साधु उनके घर पहुंचे। उन्होंने प्रार्थी की पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और घरेलू समस्याओं के बारे में बातें बताकर उसका विश्वास जीत लिया।

इसके बाद आरोपियों ने पूजा-पाठ के नाम पर पहली बार सोने की अंगूठी और नकदी ले ली। करीब 10 से 12 दिन बाद वे दोबारा घर आए और पूजा करने के बाद जेवर वापस करने का झांसा देकर सोने की चेन सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण लेते रहे।

परिवार को अनिष्ट का डर दिखाकर रखा चुप
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने परिवार के किसी सदस्य को घटना के बारे में बताने पर मृत्यु या अनिष्ट होने का डर दिखाया। इस वजह से पीड़ित परिवार चुप रहा। 7 सितंबर 2026 से आरोपियों ने फोन कर और अधिक जेवरात व नकदी की मांग शुरू कर दी। इसके बाद पीड़ित की पत्नी को ठगी का संदेह हुआ।

आरोपियों ने न तो कोई पूजा-पाठ कराया और न ही लिए गए आभूषण वापस किए। इसके बाद मामले की रिपोर्ट पुलिस से की गई।

तकनीकी जांच के बाद आरोपी पकड़े गए
थाना प्रभारी गंज निरीक्षक दीपक पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी और उसकी पत्नी से पूछताछ की। इसके बाद आरोपियों के संपर्क में इस्तेमाल मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से पतासाजी करते हुए पुलिस ने ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू और नाबालिग को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।

17 ग्राम सोना और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी और नाबालिग के खिलाफ आगे की कार्रवाई की गई है।

मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने इसी तरह की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

गिरफ्तार आरोपी कौन है?
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू, पिता भरत सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी नूरगंज सेवा नगर, थाना किला गेट, जिला ग्वालियर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।