रायपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने विशेष इंतजाम किए हैं। बिहार जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी बदलाव किया गया है। वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए सात पैसेंजर ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने 28 अक्टूबर 2026 को अधिकारियों के साथ बैठक कर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
बिहार जाने वाली 3 ट्रेनों का प्लेटफॉर्म बदला
रेलवे के अनुसार, 4 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक रायपुर स्टेशन से चलने वाली निम्नलिखित ट्रेनें प्लेटफॉर्म नंबर 7 से प्रस्थान करेंगी।
15160 दुर्ग–छपरा सारनाथ एक्सप्रेस
15232 गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस
13287 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस
यात्री गुढ़ियारी साइड के प्रवेश द्वार से सीधे प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंच सकेंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान अपनी ट्रेन के लिए समय से प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंचें।
7 पैसेंजर ट्रेनों में जुड़ेंगे 2-2 अतिरिक्त जनरल कोच
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 5 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक निम्नलिखित सात पैसेंजर ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच अस्थायी रूप से लगाए जाएंगे।
58201 बिलासपुर–रायपुर पैसेंजर
58202 रायपुर–बिलासपुर पैसेंजर
58207 रायपुर–जूनागढ़ रोड पैसेंजर
58208 जूनागढ़ रोड–रायपुर पैसेंजर
58204 रायपुर–कोरबा पैसेंजर
58205 रायपुर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) पैसेंजर
58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)–रायपुर पैसेंजर
अतिरिक्त कोच लगने से दैनिक यात्रियों और छोटे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर रेलवे का जोर
त्योहारी सीजन में स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे सुरक्षा और संरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रहा है। यात्रियों के सुचारु आवागमन, भीड़ नियंत्रण और जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के प्लेटफॉर्म और समय की जानकारी आधिकारिक रेलवे माध्यमों से जरूर जांच लें।
