रायपुर: राजधानी की सड़कों पर कार से सफर करने वाले जरा सावधान हो जाएं। शातिर बदमाशों ने चोरी का ऐसा तरीका अपनाया है, जिसमें न शीशा तोड़ा जाता है और न ही जबरन कार खोली जाती है। बदमाश पहले चालक को “कार से ऑयल गिर रहा है” या “गाड़ी में खराबी है” कहकर उसका ध्यान भटकाते हैं और जैसे ही चालक नीचे उतरकर बोनट या गाड़ी की जांच में व्यस्त होता है, मौका पाकर कार में रखा बैग, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं। रायपुर में ऐसी घटना सामने आने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चालकों को अलर्ट करते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
रायपुर में ठगों द्वारा कार चालक का ध्यान भटकाकर वाहन से कीमती सामान चोरी करने का तरीका अपनाया जा रहा है। हाल ही में थाना गंज में दर्ज मामले में आरोपियों ने कार चालक को बोनट के सामने ऑयल गिरने/लीकेज होने की बात कहकर रोका। चालक कार साइड में खड़ी कर बोनट की जांच और कार सर्विसिंग वाले से संपर्क करने में व्यस्त हो गया। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने कार के अंदर रखा बैग चोरी कर लिया, जिसमें नकदी, बैंक संबंधी दस्तावेज एवं अन्य महत्वपूर्ण सामान था।
ऐसे बचें
> “ऑयल गिर रहा है”, “कार से आवाज आ रही है”, “टायर में कुछ समस्या है” जैसे बहाने बनाकर कोई व्यक्ति रास्ते में रोके तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
> कार से बाहर निकलने से पहले कीमती सामान अपने पास सुरक्षित रखें।
> सामान कार में हो तो वाहन को लॉक करके ही बाहर निकलें।
> अनजान व्यक्ति के कहने पर सड़क पर अचानक वाहन न रोकें।
> संदेह होने पर सुरक्षित स्थान पर जाकर 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।
